स्टाम्प वेंडर के बेटे का अपहरण, फोन कर पैसे का इंतजाम करने को कहा
1 min read
रिपोर्ट – सद्दाम हुसैन
देवरिया: (उ0प्र0) देवरिया जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र में एक स्टॉम्प वेंडर के बेटे के अपहरण का मामला सामने आया है। गांव में ही आई बारात में मासूम गया था। वहीं से वह गायब हो गया।मंगलवार की सुबह उसके पिता के मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने बेटे के बदले रुपये का इंतजाम करने को कहा। घटना के बाद से एसओजी समेत पुलिस की चार टीमें जांच पड़ताल में लगी हैं। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। उसी आधार पर छानबीन की जा रही है।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिरसिया नंबर एक के बीबीचक निवासी जयप्रकाश यादव सदर तहसील में स्टाम्प वेंडर का काम करते हैं। सोमवार की रात उनके गांव में अरविंद यादव के यहां बारात आई हुई थी। वह अपने मासूम बेटे विवेक यादव उर्फ भोला (7 वर्ष) के साथ निमंत्रण में गए थे। भोजन करने के बाद वह बेटे से घर वापस चलने को कहे। लेकिन मासूम ने डीजे पर डांस करने की बात कहते हुए घर जाने से मना कर दिया। इस पर पिता उसे जल्द घर आने की हिदायत देकर चले आए। लेकिन मासूम घर नहीं लौटा। मंगलवार की तड़के जब परिजन जागे तो मासूम को घर पर न पाकर परेशान हो चले। उन्होंने उसकी आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान पिता के मोबाइल फोन पर एक कॉल आया। मिली जानकारी के अनुसार फोन करने वाले ने मासूम के अपहरण की बात कही और उसे छोड़ने के बदले रुपए का इंतजाम करने को कहा। घंटे भर में दूसरी बार फोन आया और उसने रुपए का तत्काल इंतजाम करने व मामले की सूचना पुलिस को न देने की हिदायत दी। मासूम के अपहरण और फिरौती की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी सदर श्रेयश त्रिपाठी और थाना अध्यक्ष दीपक कुमार गांव पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने मासूम के परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ की। मामले के खुलासे के लिए एसओजी समेत पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। सीओ सदर ने कहा कि घटना की छानबीन की जा रही है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की टीम बनाई गई है। जल्द ही मासूम को बरामद कर लिया जाएगा।
परिजनों की चीत्कार से सहम गया बीबीचक गांव
सोमवार की सुबह जब परिजनों को मासूम के गायब होने की जानकारी मिली तो उसकी तलाश शुरू की। जब परिजनों को उसके गायब होने की बात पता चली तो मां बबीता देवी, बड़ी बहन प्रियंका और भाई दहाड़ मार कर रोने लगे। परिजनों का चित्कार देखकर गांव के लोग भी सहम गए।